वाराणसी। पूर्वांचल में नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को संगठित एवं सशक्त दिशा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में दो दिवसीय ‘यू.पी.-सीड्स 2026’—उत्तर प्रदेश पूर्व क्षेत्र स्टार्टअप पारिस्थितिकी एवं उद्यमिता विकास शिखर सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता व अतिथि एकेटीयू, लखनऊ के कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय रहे। आभासी माध्यम से सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के विश्वगुरु बनने के लक्ष्य को नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था में युवा उद्यमियों के स्टार्टअप का महत्वपूर्ण योगदान है और दुनिया की कई बड़ी यूनिकॉर्न कंपनियों की शुरुआत भी स्टार्टअप के रूप में हुई थी। विशिष्ट अतिथि डॉ. तरुण अग्रवाल, निदेशक,डीआईसीजीसी एवं बोर्ड सदस्य, आरबीआई, मुंबई ने कहा कि आने वाले वर्षों में मौसम और जलवायु परिवर्तन से जुड़ा क्षेत्र स्टार्टअप के लिए बड़ी संभावनाएं लेकर आएगा। भविष्य की समस्याओं को पहले पहचानकर उसी के अनुरूप अपने स्टार्टअप की योजना बनाने वाले विचार और उद्यम आगे बड़ी कंपनियों का रूप ले सकते हैं। पूर्वांचल के प्रमुख व्यापारी घराने जालान समूह के अध्यक्ष केशव जालान ने कहा कि नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए हमेशा बड़ी पूंजी की आवश्यकता नहीं होती। वर्तमान समय में सबसे जरूरी है नया सोचने और नवीन सृजन की क्षमता। उद्योगपति एवं अध्यक्ष, आईआईए राजेश भाटिया ने कहा कि उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों को एक मंच पर लाना जरूरी है। इससे स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि हर प्रयोग का सफल होना आवश्यक नहीं है, लेकिन युवाओं को असफलता से निराश नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में जयत्री दासगुप्ता, परियोजना निदेशक, डिजिटल नारी, मुंबई सहित अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। शिखर सम्मेलन में आए अतिथियों का स्वागत अशोका स्कूल ऑफ बिजनेस के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुभव मौर्या ने स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं पौध भेंट कर किया। इस अवसर पर डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव, डीन अकेडमिक डॉ.एस.के. शर्मा एवं डीन सीएसई डॉ.एल.एस. मौर्या उपस्थित रहे। इस मौके पर धवल प्रकाश, संस्थापक-अध्यक्ष, सीआईआई वाई आई, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अपर्णा सिंह,प्रोफेसर-प्रभारी,अशोका फाउंडेशन फॉर इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप, सज्जाद अली अध्यक्ष,आईआईसी, डॉ. आनंद जायसवाल, अनुपम रघुवाजशी, डॉ. लक्ष्मण यादव, पुनीत मल्होत्रा, मोनालिसा मल्लिक, सीए धनंजय ओझा,सीए चहक बहल आदि उपस्थित रहे। संचालन सैक अध्यक्ष डॉ. अनुजा सिंह ने किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….