गाजीपुर। रविवार को शहीदों की धरती नंदगंज रेलवे स्टेशन पर वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन का आगमन हुआ। इस दौरान समाजसेवी पंकज जायसवाल के नेतृत्व में नंदगंज बाजार के व्यापारियों एवं स्थानीय निवासियों ने डीआरएम से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं को लेकर पत्रक सौंपा। पत्रक के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने नंदगंज रेलवे स्टेशन पर सारनाथ एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस तथा एक पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग की। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर रेलवे आरक्षण केंद्र खोलने की भी मांग रखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नंदगंज और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए रेलवे आवागमन का प्रमुख साधन है। पर्याप्त ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को कई बार दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी होती है। ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। समाजसेवी पंकज जायसवाल ने बताया कि डीआरएम आशीष जैन ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि नंदगंज स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव के लिए प्रयास किया जाएगा तथा क्षेत्रवासियों की मांग को रेलवे बोर्ड तक भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि नंदगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू होता है तो इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पंकज जायसवाल ने कहा कि ट्रेनों के ठहराव और आरक्षण केंद्र की सुविधा मिलने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को लेकर वह हर संभव प्रयास और संघर्ष करते रहेंगे। इस अवसर पर आनंद जायसवाल, मोलू, प्रमोद पांडेय, अमित जायसवाल, आशीष जायसवाल, आयुष अग्रवाल, संजय वर्मा, संजय सेठ, राजन जायसवाल सहित व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….