लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एलान करते हुए कहा कि भाजपा राज में बंद किए गए स्कूलों को सपा सरकार आने पर फिर से खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पीडीए समाज के लोग पढ़ते हैं। सपा सरकार आने पर पीडीए समाज को उनकी आबादी के अनुसार हक दिया जाएगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बचे हुए महीनों में एक लाख नौकरियां देने की बात कर रहे हैं। अब समय ही कितना बचा है। हमारी सरकार आएगी तो हम पीडब्ल्यूडी विभाग का भी ऑडिट करवाएंगे और बताएंगे कि कितना माल कमाया गया है। सड़कों पर गड्ढे हैं। सिंचाई विभाग में भी घोटाला हुआ है। उन्होंने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि मंदिर के बाहर भीख मांगने वाला भिखारी भी मंदिर में चोरी नहीं करता है लेकिन इन लोगों ने मंदिर में दान का धन भी चुरा लिया है। ये लोग धर्मद्रोही और अधर्मी लोग हैं। जनता अब इंतजार कर रही है। अब लोग इनको बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था का हाल तो ये है कि दूसरे प्रदेशों के अपराधी यहां वारदात करने आते हैं और बुलडोजर वाली सरकार कुछ नहीं करती है। लगता है कि दोनों की साझेदारी है। भाजपा के लोग भ्रष्टाचार करते हैं। जनता को मिलावटी पेट्रोल बेचा जा रहा है। त्योहार आते ही चीनी महंगी कर दी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….