Breaking News

सीएम योगी से मिलें पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, गाजीपुर की समस्‍याओ से कराया अवगत

गाजीपुर। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से भेंट कर जनपद गाजीपुर की आवश्यकताओं एवं विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर निवेदन किया तथा मुख्यमंत्री जी का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान गाजीपुर के विकास, जनसुविधाओं एवं गरीब तथा जरूरतमंद परिवारों के कल्याण से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री जी से सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई।भेंट के दौरान विजय मिश्र ने जनपद के विकास विशेष रुप से गाजीपुर ट्रामा सेंटर को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने, नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण एवं नालियों-फुटपाथों के सुधार तथा ऐसे गरीब एवं पात्र परिवारों, जिन्हें अब तक आवास का लाभ नहीं मिल सका है, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने का विषय प्रमुखता से रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद से आवश्यक प्रस्ताव मंगाकर गाजीपुर की सभी प्रमुख आवश्यकताओं को पूरा कराने का आश्वासन दिया।पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला जी से हुई वार्तानुसार गाजीपुर में निर्मित ट्रामा सेंटर को लेवल-3 से लेवल-2 में उच्चीकृत कर पूर्ण क्षमता से संचालित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ट्रामा सेंटर को आधुनिक सुविधाओं एवं आवश्यक चिकित्सा संसाधनों से और अधिक सुसज्जित किया जाएगा, जिससे गाजीपुर के साथ-साथ आसपास के जनपदों के मरीजों को भी बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी और गंभीर मरीजों को उपचार के लिए वाराणसी एवं अन्य जनपदों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।आवास से वंचित पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के संबंध में श्री मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला जी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे गरीब एवं पात्र परिवारों की सूची तैयार की जाय जो पात्र होने के बावजूद अभी तक आवास योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। पात्रता सूची तैयार कर जनपद के उन सभी परिवारों को पात्रता सूची अनुसार मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराकर जनपद की इस बड़ी जरूरत को पूरा किया जाएगा। विजय मिश्र ने बताया कि गाजीपुर नगर की सभी प्रमुख नालियों, फुटपाथों एवं सड़कों के निर्माण एवं सुधार के लिए आगणन तैयार कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कुछ प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं, जिन पर बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। शेष बची सड़कों, नालियों एवं फुटपाथों का भी आगणन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है, ताकि नगर की सभी प्रमुख सड़कों एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जा सके।पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने कहा कि जनपद गाजीपुर का समग्र विकास, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों का कल्याण तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से गाजीपुर के विकास को और गति देने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: अखिल भारतीय कायस्‍थ महासभा की बैठक में सदस्‍यता अभियान पर दिया गया जोर

गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ  महासभा वाराणसी की तरफ से  ग्रैंड  चूरामनपर मुड़ेला होटल में आयोजित …