गाजीपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने यूपी टी-20 लीग के सफल संचालन का प्रतिफल देते हुए वर्तमान चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और गाजीपुर के संजीव कुमार सिंह पर एक बार फिर भरोसा जताया है। लीग की दो सदस्यीय गवर्निंग काउंसिल के चुनाव में निर्धारित समय सीमा तक केवल दो ही नामांकन दाखिल होने के कारण दोनों पदाधिकारियों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। आगामी 30 सितंबर को कानपुर के होटल लैंडमार्क में प्रस्तावित यूपीसीए की वार्षिक आमसभा (एजीएम) में इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। गवर्निंग काउंसिल के दो पदों के लिए शुक्रवार सायं 6 बजे तक कमला क्लब में चुनाव आयुक्त के समक्ष नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित थी। दोपहर के समय डॉ. संजय कपूर और गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संजीव कुमार सिंह ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। डॉ. संजय कपूर के प्रस्तावक के रूप में यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं संजीव कुमार सिंह के प्रस्तावक के रूप में स्वयं चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर रीता डे ने हस्ताक्षर किए। समयावधि खत्म होने तक किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा पर्चा दाखिल न किए जाने से दोनों का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया। पुनः मनोनीत होने पर संजीव कुमार सिंह ने यूपीसीए प्रबंधन और चेयरमैन डॉ. संजय कपूर का आभार प्रकट किया। उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया जिन्होंने यूपीटी20 लीग आयोजित कराए जाने का अवसर प्रदान किया | इसके साथ ही डॉ. कपूर की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ काम करने का अनुभव बेहद प्रेरणादायक और शानदार रहा है। उन्होंने भविष्य की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यूपी टी-20 लीग के अगले संस्करण (सीजन-5) में दो नई टीमों को शामिल करने की योजना पर कार्य चल रहा है, जिससे प्रदेश के युवा और प्रतिभावान क्रिकेटरों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के और अधिक अवसर प्राप्त हो सकेंगे। यूपीसीए ने वर्ष 2023 में यूपी टी-20 लीग का पहला सत्र कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम से शुरू किया था, जिसके बाद के दो सत्र लखनऊ के इकाना स्टेडियम में संपन्न हुए। चौथे संस्करण में कमान संभालने वाले डॉ. संजय कपूर और संजीव कुमार सिंह की टीम ने पहली बार इस टूर्नामेंट को दो अलग-अलग शहरों (लखनऊ और कानपुर) में कराने की चुनौती स्वीकार की थी। मौसम की बाधा और बारिश के चलते प्लेऑफ मुकाबले अंतिम समय में लखनऊ स्थानांतरित करने पड़े, लेकिन इसके बावजूद आयोजन शानदार रहा और फाइनल मुकाबले में उमड़े रिकॉर्ड दर्शकों ने इसकी भव्य सफलता पर मुहर लगा दी। इसी कुशल प्रबंधन को देखते हुए गवर्निंग काउंसिल की जिम्मेदारी एक बार फिर इस जोड़ी को सौंपने का निर्णय लिया गया है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….