लखनऊ। यूपी के बलरामपुर में उतरौला के कालूबनकट में शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से चुनाव लड़ें, हम भी लड़ेंगे। आमने-सामने मुकाबला हो जाए और तय हो जाए कि किसमें कितना दम है। तंज कसते हुए कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले उनसे क्या लड़ेंगे। मुख्यमंत्री के इस बयान से समारोह में सियासी माहौल गरमा गया। सीएम ने अयोध्या के प्रति अपनी आस्था जाहिर करते हुए कहा कि वह बार-बार अयोध्या जाते हैं। अयोध्या उनके लिए पावन धाम है। वहां विकास कार्यों में किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। अयोध्या केवल एक शहर नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। इसके विकास को लेकर सरकार गंभीर है और लगातार काम कराया जा रहा है। सपा पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि विपक्षी नेता विकास के मुद्दे पर घिरने के बाद चुनौती देने की बातें कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को सीधे मुकाबले के लिए ललकारते हुए कहा कि आमने-सामने की लड़ाई से साफ हो जाएगा कि किसमें कितना दम है। सीएम ने अयोध्या में धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों ने पहले जय श्रीराम के उद्घोष पर रोक लगाई थी, वे आज अयोध्या के विकास पर सवाल उठा रहे हैं। अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम में हो रहे विकास कार्यों का विरोध करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के विजन का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या उनके लिए आस्था का विषय है और वहां विकास कार्यों में कोई ढिलाई नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बलरामपुर की विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी काम कर रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….