वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत शुक्रवार को अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में नवाचार प्रदर्शनी एवं पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वाराणसी मंडल के इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों, आईटीआई और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी नवाचारों और विभिन्न मॉडलों का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की वर्किंग मॉडल श्रेणी में अशोका इंस्टीट्यूट ने प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। वर्किंग मॉडल श्रेणी में राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान, करौंदी, वाराणसी को द्वितीय तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सैदपुर, गाजीपुर को तृतीय स्थान मिला। वहीं, प्रदर्शनी श्रेणी में आईटीआई जौनपुर ने प्रथम, आईटीआई सैदपुर, गाजीपुर ने द्वितीय और राजकीय महिला प्रौद्योगिकी संस्थान, चौकाघाट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने कहा कि विकसित भारत का सपना नवाचार और इनोवेशन के माध्यम से ही साकार हो सकता है। इसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच के बल पर देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने के लिए प्रयास करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत वाराणसी की अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए इस अभियान का उद्देश्य तकनीक और नवाचार को मंच प्रदान करना तथा युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में कौशल विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने और नए विचारों को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के अपर निदेशक राजेंद्र प्रसाद, संयुक्त निदेशक के.एम. सिंह, राजकीय आईटीआई करौंदी के नोडल प्राचार्य एम.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भुलेंद्र सिंह, अशोका इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. सारिका सिंह तथा कुलसचिव असीम देव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर अशोका के चेयरमैन इंजीनियर अंकित मौर्य और वाइस चेयरमैन डॉ. अमित मौर्य ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….