Breaking News

गाजीपुर: जनगणना 2027 की तैयारियाँ शुरू, 16 नवंबर से नागरिक कर सकेंगे स्व-गणना

गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)/जिला जनगणना अधिकारी, गाजीपुर वेद सिंह चौहान द्वारा बताया गया कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ गाजीपुर जिले में भी जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलेवासी 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे। इसके पश्चात, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों (enumerators) द्वारा घर-घर जाकर क्षेत्रीय कार्य (field work) पूरा किया जाएगा। छूट गए परिवारों या जानकारी को अपडेट करने के लिए पुनरीक्षण दौर (Revisional round) 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। उत्तर प्रदेश के लिए जनगणना की संदर्भ तिथि (reference date) 5 जनवरी 2027, रात 00:00 बजे निर्धारित की गई है। इस जनगणना के दौरान नागरिकों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी जाएंगी। इसमें नागरिकों को अपना नाम, जन्म-तिथि, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी प्रदान करनी होगी। इसके साथ ही दिव्यांगता, प्रवासन (Migration), माता-पिता का विवरण और प्रजनन संबंधी जानकारी भी साझा करनी होगी। पहचान के लिए आधार नंबर, वोटर आईडी नंबर इत्यादि का विवरण देना भी आवश्यक होगा। इस जनगणना के आंकड़े राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनसे प्राप्त जानकारियों का उपयोग विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को दिशा देने के लिए किया जाएगा। सटीक आंकड़ों से रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर नीतियां बनाई जा सकेंगी तथा दिव्यांगता और स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकेगा। इसके अलावा, आवास संबंधी योजनाओं के लिए उचित लाभार्थियों की पहचान करने में मदद मिलेगी और भविष्य में चुनाव क्षेत्रों के परिसीमन के लिए भी ये आंकड़े प्रमुख आधार बनेंगे। इस राष्ट्रीय कार्य में सभी व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है, क्योंकि इस प्रक्रिया में आप सभी का सहयोग अनिवार्य है।

Image 1 Image 1

Check Also

सेवा संकल्प अभियान में अशोका इंस्टीट्यूट वाराणसी के वर्किंग मॉडल को मिला प्रथम स्थान

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के …