लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में शुक्रवार को आईईईई (IEEE) स्टूडेंट ब्रांच की ओर से आयोजित तीन दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय तकनीकी उत्सव ‘रोबोवर्स-26’ का शुभारंभ हुआ। 9 से 11 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में 110 से अधिक टीमों के 500 से ज्यादा विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न तकनीकी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी रोबोटिक्स, सर्किट डिजाइन और एल्गोरिदम आधारित तकनीकों में अपनी प्रतिभा एवं नवाचार क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के संरक्षण में आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित करना है। कुलपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दे रहा है, जिनसे विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक तकनीकी चुनौतियों के समाधान में प्रयोग करने का अवसर मिल सके। उत्सव के अंतर्गत बॉट असेंबली, रैंपेज, ऑब्स्टेकल अवॉइडेंस और रोबो-सॉकर जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें प्रतिभागियों की रोबोट डिजाइन करने की क्षमता, तकनीकी समझ, टीमवर्क और समस्या समाधान कौशल का परीक्षण किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अन्य संस्थानों के प्रतिभागियों से सीखने का अवसर भी मिल रहा है। कार्यक्रम का आयोजन एडवाइजर प्रो. प्रभाकर तिवारी और आईईईई स्टूडेंट ब्रांच काउंसलर डॉ. शिखा सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। छात्र अध्यक्ष नीलेश कुमार सहित स्टूडेंट ब्रांच की टीम आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रही है। तीन दिवसीय यह उत्सव विद्यार्थियों में नवाचार, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना विकसित करने के साथ रोबोटिक्स एवं उन्नत इंजीनियरिंग तकनीकों के प्रति रुचि बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….