Breaking News

गाजीपुर: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सादात की छात्राओं को लगा एचपीवी का टीका

गाजीपुर। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सादात में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से पूरे राज्य में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता और सुरक्षा अभियान का हिस्सा है। शिविर में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की विद्यालय की कुल 15 छात्राओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्रत्येक पात्र बच्ची तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित करना है। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने छात्राओं और उपस्थित स्टाफ को टीके के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है, जो भविष्य में होने वाले सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करती है। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) सोनल श्रीवास्तव ने आम जनता और अभिभावकों से इस मुहिम के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति उठाया गया यह छोटा कदम बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का निर्माण करेगा, इसलिए सभी माता-पिता को बिना संकोच अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवानी चाहिए। इस अवसर पर सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज सिंह, बीपीएम सोनल श्रीवास्तव, विद्यालय की वार्डेन सरिता गुप्ता, प्रज्ञा सिंह, सरिता कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम और विद्यालय की छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वावधान में मनाई गई कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती

गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वावधान में कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद जी की …