Breaking News

बीएचयू में प्रेमचंद जयंती समारोह-2026 के छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कला संकाय के अंतर्गत संचालित मुंशी प्रेमचंद स्मारक एवं शोध संस्थान, लमही द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रेमचंद जयंती समारोह-2026’ के अंतर्गत शनिवार को द्वितीय दिवस छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न साहित्यिक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन, चित्रांकन एवं साहित्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। निबंध लेखन का विषय “मेरे प्रिय लेखक : प्रेमचंद” रखा गया, जबकि चित्रांकन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने प्रेमचंद की कहानियों पर आधारित चित्रों के माध्यम से उनकी साहित्यिक दृष्टि और सामाजिक सरोकारों को साकार किया। साहित्य प्रश्नोत्तरी में प्रतिभागियों ने प्रेमचंद के जीवन, कृतित्व तथा हिंदी साहित्य से संबंधित प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। प्रतियोगिताओं का आयोजन दो वर्गों में किया गया। जूनियर वर्ग में कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं तथा सीनियर वर्ग में स्नातक एवं परास्नातक स्तर के विद्यार्थियों को सम्मिलित किया गया। दोनों वर्गों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी साहित्यिक अभिरुचि और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर वाराणसी नगर के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विशेष रूप से स्कूली विद्यार्थियों का उत्साह, रचनात्मकता और साहित्य के प्रति रुचि उल्लेखनीय रही। प्रतियोगिताओं का संयोजन डॉ. विवेक सिंह, उपाचार्य, हिन्दी विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा किया गया | समारोह के तृतीय एवं समापन दिवस 2 अगस्त 2026 (रविवार) को प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी “दो बैलों की कथा” पर आधारित नाट्य मंचन तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मुंशी प्रेमचंद स्मारक एवं शोध संस्थान ने साहित्यप्रेमियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से समापन समारोह में सहभागिता करने का आग्रह किया है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर में रॉयल सर्कस का आगाज़, लंका मैदान में 2 अगस्‍त से रोमांच और रोमांचक करतबों का होगा संगम

गाजीपुर। शहर के लंका मैदान में 2अगस्त 2026 से रॉयल सर्कस का भव्य शुभारंभ हो …