गाजीपुर। रविवार को गाजीपुर जनपद के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल देखने को मिला, जब आगामी 29 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक शुरुआत पुलिस अधीक्षक ग़ाज़ीपुर ईजर राजा के नेतृत्व में संपन्न हुई।पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ईजर राजा ने कहा कि गाजीपुर में राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए सम्मान की बात है। इस आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और गाजीपुर की खेल पहचान को नई मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के स्टेट सेक्रेटरी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमित राय, स्टेट उपाध्यक्ष संजीव सिंह “बॉबी”, पंकज सिंह “चंचल”, माउंट लिट्रा जी स्कूल के डायरेक्टर मोहित श्रीवास्तव तथा पूर्व सीनियर नेशनल चैंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अरबिंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि छह दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ पावरलिफ्टर भाग लेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं और जिले के खेल प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना करते हुए आयोजन समिति को इस भव्य शुरुआत के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….