Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में नशामुक्ति संवाद सत्र का हुआ सफल आयोजन

लखनऊ। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के द्वारा 9 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में “नशा मुक्ति संवाद सत्र” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।सत्र के दौरान मुख्य वक्ता प्रशांत श्रीवास्तव, मेंटेनेंस विभाग, सेल्फ ड्रिलिंग सर्विसेज, दुबई तथा एन.एस.एस. संकाय प्रभारी डॉ. सत्य प्रकाश यादव एवं एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शलभ मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता प्रशांत श्रीवास्तव जी ने विद्यार्थियों के साथ एक अत्यंत प्रभावी एवं इंटरएक्टिव (संवादात्मक) सत्र संचालित किया। इस सत्र में उन्होंने विद्यार्थियों को चर्चा में सीधे शामिल करते हुए जीवन में नशे से दूर रहने, मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा करियर निर्माण में एकाग्रता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने व्यावहारिक अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं के प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।सत्र के दौरान एन.एस.एस. के स्वयंसेवकों एवं सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज को नशा मुक्त बनाने तथा परिसर में जागरूकता फ़ैलाने हेतु अपने बहुमूल्य सुझाव और विचार प्रस्तुत किए।कार्यक्रम का समापन अत्यंत उत्साहजनक एवं प्रेरणादायी वातावरण में हुआ। इस अवसर पर उपस्थित स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने नशे से मुक्त रहने तथा समाज में जन-जागरूकता फ़ैलाने का संकल्प लिया। यह सत्र विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हुआ।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: विधायक जैकिशन साहू के उपस्थिति में दो शिक्षको ने सपा की ली सदस्‍यता

गाज़ीपुर। समाजवादी पार्टी के समता भवन में आयोजित सदर विधानसभा की मासिक बैठक के दौरान …