Breaking News

शिव का चरित्र हमें सिखाता है कि शक्ति का प्रयोग स्‍वंय के लिए नही बल्कि विश्‍व कल्‍याण के लिए होना चाहिए- महामंडलेश्वर कृपानन्द जी महाराज

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उत्तर प्रदेश कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के संयोजन में रविवार को नगर के कान्हा हवेली में भव्य श्रावण महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प की अद्भुत झलक दिखाई दी। श्रद्धा और उल्लास से भरे वातावरण मे आस्था के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि भारत केवल भौगोलिक सीमाओं से बना राष्ट्र नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की समृद्ध संस्कृति, संस्कार, आध्यात्मिक चेतना और जीवन मूल्यों से निर्मित राष्ट्र है। हमारी सनातन परंपरा ने सदैव “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की भावना के साथ संपूर्ण विश्व के कल्याण का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के साथ त्याग, तपस्या, संयम और लोकमंगल की प्रेरणा देने वाला पवित्र काल है। भगवान शिव स्वयं भारतीय संस्कृति के उस विराट स्वरूप के प्रतीक हैं, जो विष को अपने कंठ में धारण कर संसार को अमृतमय जीवन देने का संदेश देता है। उन्होंने  कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज अपनी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के गौरव को पुनर्स्थापित करते हुए आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप, महाकाल लोक जैसे कार्य हमारी सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र  सरकार और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास के साथ जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण है। शाश्वत अतिथि महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 कृपानन्द जी महाराज ने श्रावण मास के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की साधना और आत्मचिंतन का अवसर है। भगवान शिव का चरित्र हमें सिखाता है कि जीवन में शक्ति का उपयोग स्वयं के लिए नहीं, बल्कि समाज और सृष्टि के कल्याण के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के मस्तक पर चंद्रमा शीतलता, जटाओं में गंगा पवित्रता, गले में सर्प निर्भयता और कंठ में विष धारण करने का भाव त्याग एवं लोकमंगल का प्रतीक है। शिव का यही स्वरूप मनुष्य को क्रोध के स्थान पर करुणा, अहंकार के स्थान पर विनम्रता और स्वार्थ के स्थान पर सेवा का मार्ग दिखाता है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि श्रावण मास भारतीय संस्कृति में प्रकृति और अध्यात्म के अद्भुत समन्वय का पर्व है। सावन में चारों ओर हरियाली, वर्षा और प्रकृति का सौंदर्य मनुष्य को जीवन के प्रति नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना हमें संयम, धैर्य और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने वैश्य समाज और भारतीय जनता पार्टी के संबंधों पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वैश्य समाज सदियों से राष्ट्र की आर्थिक व्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। व्यापार के साथ सेवा, दान, धर्म और सामाजिक सरोकार वैश्य समाज की पहचान रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सदैव समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य किया है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ भाजपा समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज और भाजपा का संबंध विश्वास, सेवा और राष्ट्रहित की साझा भावना पर आधारित है। कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र स्मृति चिन्ह और माल्यार्पण कर अभिनन्दन किया। इस अवसर पर भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, सुनील सिंह, बृजेन्द्र राय,प्रो शोभनाथ यादव,नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, राजेश राजभर,आर के गुप्ता, व्‍यापार मंडल के अध्‍यक्ष गुड्डू केशरी, लाल जी गुप्ता, अरूण शाहू, कमलेश गुप्‍ता, राहुल गुप्‍ता, पंकज गुप्‍ता, प्रिंस गुप्‍ता, प्रवीण सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,विष्णु सिंह,अच्छेलाल गुप्ता,शशांक राय ,शिवशंकर गुप्ता,शिवजी गुप्ता,पवनसुत गुप्ता,विनोद अग्रवाल,मयंक जायसवाल,सत्यनारायण गुप्ता,सत्येंद्र गुप्ता,त्रिलोकी गुप्ता,रासबिहारी राय,सुनील गुप्ता,संदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।संचालन माया साहू ने किया।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में नशामुक्ति संवाद सत्र का हुआ सफल आयोजन

लखनऊ। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के द्वारा 9 अगस्त …