गाजीपुर। रविवार की रात लगभग 10 बजे सैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरखपुर वाराणसी फोर लेन हाईवे पर औड़िहार गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक बाइक पर सवार तीन युवकों में से दो की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना के बाद सीएचसी पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार सैदपुर के उचौरी गांव निवासी तीन दोस्त 25 वर्षीय लालू यादव पुत्र संजय यादव, 25 वर्षीय आकाश यादव पुत्र सुनील यादव और 27 वर्षीय राजू यादव पुत्र फूलचंद यादव एक बाइक पर सवार होकर मारकंडेय महादेव धाम जा रहे थे। जैसे ही तीनों दोस्तों की बाइक ने गोरखपुर वाराणसी फोरलेन हाईवे पर औड़िहार के पास टर्न लिया तभी सामने से आ रही एक ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर ने जांच कर राजू और आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लालू का प्राथमिक उपचार कर, उसे हायर मेडिकल सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। मृतक आकाश यादव तीन भाई तीन बहन में सबसे छोटा था। सबसे बड़े भाई संतोष यादव हैं। जिनकी शादी हो चुकी है। उनसे छोटा मकनू यादव है। उसकी भी शादी हो चुकी है। मृतक आकाश की भी तीन वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उनकी पत्नी आरती गर्भवती है जिन्हें अगले कुछ माह में प्रसव होने वाला है। घटना की सूचना से सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे आकाश के परिजनों में कोहराम मच गया है। आकाश परिवार की खेती किसानी का काम देखता था। मृतक राजू यादव मुंबई में मजदूरी करता था। दो सप्ताह पूर्व गर्भवती पत्नी के प्रसव के लिए घर आया था। राजू एक बहन दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उससे छोटा भाई विकास यादव है। जिसकी शादी हो गई है। 10 दिन पूर्व ही राजू की पत्नी ने अपने 3 वर्ष के पुत्र आरव के बाद एक पुत्री को जन्म दिया है। घटना की सूचना के बाद से राजू की पत्नी प्रीति और माता कुसुम देवी पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। पूरे परिवार में कोहरा मचा हुआ है। सैदपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि घटना में शामिल ट्रक और उसके ड्राइवर को कब्जे में ले लिया गया है। दोनों शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए उन्हें मोर्चरी हाउस भेजा जा रहा है। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….