गाजीपुर। जनपद के विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक प्रोत्साहन एवं आर्थिक सहायता की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध हुआ है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 अगस्त 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएँ निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन आवेदन कर इस महत्वपूर्ण छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 7 उत्तीर्ण विद्यार्थी, निर्धारित न्यूनतम अंकों के साथ पात्र होंगे। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को निर्धारित नियमानुसार अंकों में छूट का प्रावधान है। साथ ही, ऐसे छात्र-छात्राएँ जो सत्र 2025-26 में राजकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त अथवा स्थानीय निकाय के विद्यालय में कक्षा 8 में अध्ययनरत हैं तथा जिनके अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय ₹3.50 लाख से अधिक नहीं है, वे निर्धारित पात्रता के अनुसार परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए उनकी शिक्षा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठा सकें। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन एवं परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट मदजकंजंण्बवण्पद पर उपलब्ध है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा द्वारा सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं एसआरपी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं निर्धारित तिथि की जानकारी प्रदान करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी परीक्षा में प्रतिभाग कर छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….