Breaking News

गाजीपुर: “हमारा प्यारा तिरंगा”

गाजीपुर। “हमारा प्यारा तिरंगा” के रचयिता मूर्धन्य कवि श्री लाल बिहारी शर्मा “अनंत” जी हैं। तिरंगे की आन, बान और शान को बयां करता यह देशभक्ति गीत आप सभी ज़रूर पसंद आएगा।

हमारा प्यारा तिरंगा

सबसे प्यारा सबसे न्यारा,

भारत मां की शान तिरंगा।

सारे मजहब संप्रदाय के,

लोगों की मुसकान तिरंगा।

तुम्हीं हमारी जान तिरंगा,

हम सबकी पहचान तिरंगा।

तुम ही गंगा, तुम ही यमुना,

तुम सबका अभिमान तिरंगा।

 

बाल वृद्ध तरुणों के तुम हो,

आन बान सम्मान तिरंगा।

दूध शर्करा जैसा रहना,

देता सबको ज्ञान तिरंगा।

शौर्य शील और हरियाली का,

अवधायक प्रतिमान तिरंगा।

नील गगन में फ़हराता  है,

हर शहीद का मान तिरंगा।

चंचल सागर विंध्य पुकारे,

राष्ट्र धर्म की जान तिरंगा।

द्राविड़ उत्कल बंग उचारे,

सर्व शक्ति बलवान तिरंगा।

आज़ादी के मतवालों की,

आंख नाक और कान तिरंगा।

समर भूमि में शत्रु हार कर,

कहता तुझे महान तिरंगा।

तुमसे शुरू अंत भी तुमसे,

हम सबका अरमान तिरंगा।

पूरा भारत मिल कर गाए,

बस तेरा गुणगान तिरंगा।

…. लाल बिहारी शर्मा “अनंत”

 

कवि परिचय –

नाम – लालबिहारी शर्मा ‘अनंत’

जन्म तिथि -1.9.1955

जन्म स्थान – तरांव, गाज़ीपुर ( उ.प्र.)

शिक्षा – एम एस सी, एम एड ( मुंबई विश्वविद्यालय )

सेवा – निवृत्त प्राणि विज्ञान प्राध्यापक, मिठीबाई कॉलेज, मुंबई

संप्रति हिन्दी भाषा में गद्य – पद्य लेखन।

भोजपुरी एवं हिन्दी भाषा में  देश भक्ति, भजन, गज़ल एवं लोकगीतों का बेहतरीन वीडियोस का निर्माण कर यूट्यूब वीडियो चैनल अनंता प्रोडक्शन हाउस पर अपलोड करते हैं। इस चैनल की खास विशेषता है कि इसमें किसी प्रकार अश्लीलता नहीं है। आप सब परिवार इन वीडियोस को देख सकते हैं।

कृतियां –

  1. मेरी राह न पूछे कोई ( कविता संग्रह )
  2. अनीता पर्व ( खंडकाव्य )
  3. यहां वहां ( कहानी संग्रह )
  4. एक कविता एवं एक ग़ज़ल संग्रह शीघ्र प्रकाश्य

 

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: राज्‍यमंत्री 35 बाढ़ पीडि़तो में बांटा राहत सामग्री

गाजीपुर! राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग उत्तर प्रदेश रवीन्द्र …