सोनभद्र। जिले के दुद्धी विधानसभा के पूर्व विधायक हरिराम चेरो के बेटे मंगलम चेरो को दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने बीते नवंबर महीने में दुद्धी कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मंगलम चेरो पुत्र हरिराम चेरो निवासी गड़दरवा, थाना हाथीनाला ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसके अलावा उसने पीड़िता को मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी और बुधवार को उसे रजखड़ गांव से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अमरनाथ यादव और कांस्टेबल अनुराग शामिल रहे।
