मऊ। जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के थानीदास मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह एक ट्रेलर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक नीचे आ गिरा, जहां हेलमेट पहने होने के बाद भी टायर के जद में आने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सेवानिवृत रेलवे कर्मचारी के रूप में हुई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।मृतक की पहचान घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला चौहान पूरा निवासी रामबदन चौहान (62) के रूप में हुई। मृतक रेलवे से सेवानिवृत होने के बाद घर पर रह रहा था। गुरुवार की शाम को मधुवन थाना क्षेत्र के देवारा में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह स्कूटी से गया था। वहां से शुक्रवार की सुबह वापस लौट रहा था।अभी वह घोसी कोतवाली के थानीदास मोड़ के पास पहुंचा था, वहां बाईपास पर बने कट को क्रास करने लगा। इस बीच गोरखपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रेलर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी ट्रेलर में फंस गई, जबकि रामबदन ट्रेलर के अगले पहिए के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर कुछ दूर गया, उसके बाद सड़क किनारे वाहन खड़ा कर भाग गया। घटना के बाद मृतक की दोनों पुत्रियां माया, रीना और पत्नी श्याम दुराली का रो- रो कर बुरा हाल है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….