जौनपुर। जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जौनपुर- रायबरेली हाईवे पर सतहरिया के आगे पुलिया के पास सुबह करीब 6 बजे सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। ऑटो मछलीशहर से मुंगरा बादशाहपुर की तरफ सवारियों को लेकर आ रहा था। जैसे ही वह सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और सतहरिया चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने पुलिस बल के साथ राहत कार्य शुरू किया। किसी तरह से ऑटो में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया। चिकित्सकों ने छह घायलों में से तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार मिश्र (53) निवासी सोहसा, थाना मुंगराबादशाहपुर, शिव शंकर शर्मा (53) निवासी धौरहरा, थाना मुंगराबादशाहपुर और बरसाती (42) निवासी गंगापुर, थाना मछलीशहर के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायलों में राकेश बिंद (32) निवासी नंदापुर, मछलीशहर, प्रणव पांडेय (19), निवासी धौरहरा मुंगरा बादशाहपुर और अजीत यादव (36) निवासी कटाहित खास, मछ्लीशहर शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और सभी घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया जाएगा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….