Breaking News

सोनभद्र: सड़क दुर्घटना में मामा की मौत, भांजा गंभीर

सोनभद्र। जिले के बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर निमहवा पहरी के पास वृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने 21 वर्षीय धानू को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके 18 वर्षीय भांजे राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, नधिरा के सवाकुंड निवासी विनोद कुमार का पुत्र धानू अपने भांजे राहुल पुत्र गोला निवासी अंजानी को बाइक से छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर निमहवा पहरी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस की पीआरवी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां धानू की मौत हो गई, जबकि राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना नधिरा निवासी राजाराम और सुजीत कुमार ने दी। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।

Image 1

Check Also

विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026: मतदाता सूची में लिपिकीय त्रुटियों के कारण किसी मतदाता को मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा- डीएम

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने …