Breaking News

मिर्जापुर: वोकेशनल लिट फेस्ट–2026 में सांस्कृतिक संध्या का हुआ आगाज

मिर्जापुर। दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, कला संकाय द्वारा “वोकेशनल लिट फेस्ट–2026” का आयोजन 7 से 10 सितंबर, 2026 तक केंद्रीयकृत प्रयोगशाला परिसर, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा, मिर्जापुर में किया जा रहा है। यह चार दिवसीय महोत्सव साहित्य, रचनात्मकता, व्यावसायिक कौशल, उद्यमिता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को समर्पित है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सीखने, सृजन करने, अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने तथा नई प्रेरणाओं से जुड़ने के लिए एक जीवंत एवं रचनात्मक मंच प्रदान करना है। वोकेशनल लिट फेस्ट–2026 में डीडीयू कौशल केंद्र, आरजीएससी, बीएचयू के सभी छह पाठ्यक्रमों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता है। इनमें फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट तथा फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन शामिल हैं। महोत्सव के तीसरे दिन विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हुए उद्यमिता मेला, फूड स्ट्रीट, उत्पाद प्रदर्शनी, ट्रेजर हंट एवं सांस्कृतिक प्रतिभा मंच का आयोजन किया गया। उद्यमिता मेला, फूड स्ट्रीट एवं उत्पाद प्रदर्शनी में 20 टीमों, ट्रेजर हंट में 34 टीमों तथा सांस्कृतिक प्रतिभा मंच में 34 समूहों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभिन्न गतिविधियों एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रचनात्मक कार्यों का अवलोकन डॉ. श्यामा, डॉ. सौरभ श्रीवास्तव एवं समृद्धि तिवारी कला प्रदर्शन विभाग, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा किया गया। प्रतिभागियों ने अपने नवाचार, व्यावसायिक कौशल, रचनात्मक सोच एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। वोकेशनल लिट फेस्ट–2026 व्यावसायिक शिक्षा को साहित्य, विचार, संस्कृति एवं उद्यमिता की शक्ति से जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। यह महोत्सव विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष से बाहर निकलकर अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास, प्रतिभा, नवाचार एवं व्यावहारिक कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल व्यावसायिक दक्षताओं का विकास हो रहा है, बल्कि उनमें टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, उद्यमशीलता, संचार कौशल और सांस्कृतिक चेतना को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: जमानियां रामलीला मैदान में निजी स्‍कूली वाहनों और बेतरतीब पार्किंग के कारण राहगीरों को परेशानी

गाजीपुर। जमानियां तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में विशेष रूप से निजी स्कूलों के वाहनों …