वाराणसी। अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, वाराणसी में शुक्रवार को डांडिया क्लबिंग का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी सजावट, गरबा और डांडिया के गीतों तथा मनमोहक धुनों ने परिसर को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। देर शाम तक विद्यार्थी संगीत की धुन पर थिरकते रहे और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आरती और स्तुति के साथ हुआ। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीत ने आयोजन में उत्साह का संचार किया। वाराणसी लाइव स्टूडियो और एंकर शालिनी की शानदार जुगलबंदी ने माहौल को जीवंत बना दिया। विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा और डांडिया की धुनों पर उत्साहपूर्वक भागीदारी की। पूरे आयोजन में उत्सव, उमंग और सामूहिक सहभागिता का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर काशी रत्न हीरालाल मौर्य, संस्थापक अशोक मौर्य, चेयरमैन इंजीनियर अंकित मौर्य, एएसबी के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुभव मौर्य तथा डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वाइस चेयरमैन डॉ. अमित मौर्य ने कार्यक्रम की सफलता पर अशोका परिवार की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सभी के सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर टीमवर्क का परिणाम होते हैं। उन्होंने सैक टीम के समन्वय एवं आयोजन प्रबंधन, अनुशासन टीम की व्यवस्था और सजावट टीम के योगदान की सराहना की। साथ ही, उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे शिक्षकों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और पर्दे के पीछे काम करने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. मौर्य ने कहा कि प्रत्येक सदस्य का योगदान कार्यक्रम को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण रहा। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। डांडिया क्लबिंग उत्साहपूर्ण माहौल और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न हुई।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….