मऊ। जिले में बिजली मीटर लगाने के ठेके में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नवाज इलेक्ट्रिकल्स के प्रोपराइटर अली नवाज की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से शहर कोतवाली पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर सौरभ कुमार राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि मऊ के लिए आवंटित करीब 5000 बिजली मीटर देवरिया ले जाकर अन्य उपभोक्ताओं के यहां लगाए गए और बिजली निगम को गलत रिपोर्ट दी गई। अली नवाज के अनुसार, उनकी कंपनी ने 17 फरवरी 2023 को मऊ में मीटर लगाने का ठेका लिया था। उन्होंने सौरभ कुमार राय को सुपरवाइजर नियुक्त किया था। विद्युत विभाग ने राय को करीब 5000 मीटर उपलब्ध कराए थे। आरोप है कि उन्होंने इन मीटरों का देवरिया में उपयोग कराया और मऊ विभाग को गलत रिपोर्ट प्रस्तुत की। अली नवाज ने बताया कि उन्होंने चार फरवरी 2024 को कोतवाली में शिकायत देने का प्रयास किया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। इसके बाद छह फरवरी को पुलिस अधीक्षक को डाक रजिस्ट्री से शिकायत भेजी। कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर 14 अगस्त 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। देवरिया में विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने दो फरवरी 2024 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसमें भी सौरभ कुमार राय पर आरोप लगाए गए थे। मऊ के मामले की जांच उपनिरीक्षक सरफराज खान को सौंपी गई है। शहर कोतवाल परमेन्द्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। अधीक्षण अभियंता मांगेंद्र कुमार ने कहा कि मामला उनके कार्यकाल से पहले का है। उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन मामला गंभीर है और विभागीय स्तर पर जानकारी ली जाएगी। प्राथमिकी में आरोपी सौरभ राय ने आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….