Breaking News

IMS BHU में एंजियोग्राफी विधि से एक ही दिन में दो मरीजों के बदले गए हृदय के वाल्व

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान स्थित हृदय रोग विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दिन में दो मरीजों के हृदय के वाल्व बदलने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। यह प्रक्रिया ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इम्प्लांटेशन (TAVI) कहलाती है। TAVI हृदय के सिकुड़े हुए या खराब हो चुके एओर्टिक वाल्व को बदलने की आधुनिक तकनीक है। इसमें बिना छाती खोले, पैर की धमनी के रास्ते एक पतली नली (कैथेटर) की मदद से नया वाल्व हृदय तक पहुंचाया जाता है। यह तकनीक विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों और उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें अन्य बीमारियों के कारण ओपन हार्ट सर्जरी में अधिक जोखिम हो सकता है। हाल ही में जिन दो मरीजों का उपचार किया गया, उनमें एक मरीज गंभीर हार्ट फेल्योर से पीड़ित था और दवाओं से उसे पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा था। दूसरे मरीज को मुंह का कैंसर भी था। दोनों मरीजों की स्थिति अब अच्छी है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस उपलब्धि के साथ हृदय रोग विभाग ने पिछले डेढ़ वर्ष में कुल चार TAVI प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक की हैं। इन प्रक्रियाओं में हृदय रोग विभाग की टीम में प्रो. विकास अग्रवाल (विभागाध्यक्ष), डॉ. प्रतिभा राय, डॉ. प्रवीण, डॉ. नितेश, डॉ. निरंजन, डॉ. प्रताप, डॉ. बिचयन, डॉ. अमन और डॉ. गुरनमोल शामिल रहे। एनेस्थीसिया विभाग की ओर से प्रो. ए.पी. सिंह, डॉ. प्रतिमा और डॉ. संजीव तथा सीटीवीएस विभाग की ओर से डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. अरविंद पांडेय और डॉ. नरेंद्र ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। यह सफलता तीनों विभागों के आपसी तालमेल और टीम भावना का परिणाम है। IMS BHU में इस तरह की आधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से पूर्वांचल और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर और उन्नत उपचार उपलब्ध हो रहा है।

Image 1

Check Also

बलुआ घाट जमानियां के अंत्येष्टि स्थल के विकास के लिए शासन ने स्वीकृत किए 42.40 लाख रुपये, जमानिया नगर पालिका को बड़ी सौगात

गाजीपुर। नगर के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने …