लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई सूची में करीब 13.58 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं। अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन कराने के लिए एक और अवसर मिलेगा। वहीं, इस नई वोटर लिस्ट के तहत राज्य में करीब 18.84 लाख वोटर्स बढ़ गए हैं। राज्य में कुल वोटर्स 13.39 करोड़ से बढ़कर 13.58 करोड़ हो गए हैं। प्रदेश में 10 अप्रैल को जारी एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची में 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके मुकाबले पिछले सात महीनों में करीब 17 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। ड्राफ्ट सूची पर 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची 1,73,730 बूथों पर उपलब्ध रहेगी। मतदाता जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर भी सूची देख सकेंगे। इसके अलावा बीएलओ और राजनीतिक दलों को भी सूची उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और नाम-पते समेत अन्य विवरण में संशोधन के लिए शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मतदाता अपनी जानकारी की जांच कर सकेंगे और जरूरी आवेदन कर सकेंगे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….