Breaking News

चंदौली: खड़े ट्रैक्‍टर में पीछे से टकराई स्‍कूटी, मामा-भांजे की मौत 

चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के जलीलपुर गांव स्थित घंटावीर बाबा मंदिर के पास शनिवार भोर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से स्कूटी टकराने से मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों पड़ाव चौराहे से मुगलसराय की तरफ जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान उस्मान (32) पुत्र इस्लाम निवासी दुल्हीपुर, मुगलसराय और उनके मामा जुबैर (47) निवासी रायबरेली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे पुलिस की पीआरबी टीम को जलीलपुर गांव के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे तो वहां सड़क किनारे बिजली के सजावटी खंभे लगाने के काम में लगा एक ट्रैक्टर खड़ा मिला। इसी दौरान पड़ाव की तरफ से आ रही स्कूटी पीछे से ट्रैक्टर में जा भिड़ी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल पास के लतीफ अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन भी हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंच गए। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने दोनों का परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

Image 1

Check Also

शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाजीपुर में धूमधाम के साथ मनाया गया दीपावली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गाज़ीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, गाज़ीपुर में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में उत्साह, …