आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलसिया गांव के पास शुक्रवार को ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में टेंपो सवार प्रमिला (51) और दिनेश (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अंतरधयानी (60) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में सात अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आटो चालक मुस्तकीन (23) शुक्रवार को दिन करीब 11 बजे अंबारी बाजार से सवारी लेकर शाहगंज की तरफ जा रहा था। वह जैसे ही अंबारी पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर दूर बेलसिया गांव के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि धमाके के साथ आटो दो टुकड़े में बंट गया। वहीं ऑटो में बैठी सवारियां गभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद लोगों ने सड़क पर बिखरे लोगों को उठाने का प्रयास किया। किसी ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस चौकी अंबारी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल थाने से पुलिस टीम बुलाया और एंबुलेंस के माध्यम से घायलों का उपचार के लिए सीएचसी फूलपुर भिजवाया। जहां पर चिकित्सक ने इलाज के दौरान फूलपुर के मकसुदिया गांव निवासी प्रमिला (51) पत्नी स्व. राजनाथ चौहान व नियाउज गांव निवासी दिनेश (45) को मृत घोषित कर दिया। करीब एक घंटे बाद इलाज के दौरान पवई थाना क्षेत्र के करौजा गांव निवासी अंतरधयानी (60) पत्नी रामलवटन गौड़ की भी मृत्यु हो गई। वहीं, ऑटो चालक मुस्तकीन व यात्री मोहम्मद अशरफ (38) के साथ ही कार में सवार मो. अतहर (19), मो. उमैर (17), यूसुफ (19), शादान (17) का इलाज अस्पताल में चल रहा है। फूलपुर कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। आजमगढ़। हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतका प्रमिला के पति की दो वर्ष पहले कैंसर से मौत हो चुकी थी। परिवार में बेटे योगेंद्र (20), नागेंद्र (18) और बेटियां करीना (17), रबीना (16) हैं। मां की मौत से चारों बच्चों के सिर से साया उठ गया। परिवार का सहारा भी छिन गया। वहीं दिनेश की मौत से पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतरधयानी के परिवार में पांच बेटियां हैं। फूलपुर कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….