Breaking News

बलिया: घर लौट रहे बारातियो पर घात लगाकर दबंगो ने किया हमला, पांच घायल, एक की मौत

बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के पंडितपुरा तिवारीपुर गांव में बुधवार की देर शाम द्वारपूजा के दौरान छेड़खानी को लेकर घराती व बराती के युवकों में मारपीट हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत किया।देर रात बरात से घर लौट रहे कार सवार युवकों पर पहले से घात लगाए पांच-सात युवकों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें आदर्श कुमार (19) निवासी रूपवार भीमपुरा, हरि केवल (37), भरत राम (28), राकेश कुमार (30), नीतीश कुमार (17) निवासी छोटकी नरही गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर आदर्श की मऊ में बृहस्पतिवार की रात मौत हो गई।युवक के पिता सुनील कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गोलू कुमार, शत्रुघ्न राम, मनीष कुमार, अजय कुमार व अमरेंद्र निवासी पंडितपुरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। तीसरे दिन 30 से 40 की संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचकर अन्य आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग की। इसको लेकर काफी देर तक गहमा गहमी बनी रही।जानकारी के अनुसार, भीमपुरा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी आदर्श कुमार फेफना थाना के छोटकी नरही निवासी बुआ के लड़के मुन्ना की बरात में शामिल होने आया था। बुधवार की शाम को बरात पंडितपुरा तिवारीपुर गई थी। ग्रामीणों के अनुसार लड़की पक्ष के यहां द्वारपूजा के दौरान बरात में शामिल किसी लड़के ने गांव की एक लड़की से छेड़खानी की। इसको लेकर बराती व घराती पक्ष के युवकों में मारपीट हो गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची, मामले को शांत किया। उस समय तो मामला शांत हो गया। खाना खाने के बाद बरात में शामिल युवकों के साथ आदर्श वापस छोटकी नरही जाने के लिए निकले तो राइस मिल के पास पहले से घात लगाकर बैठे गांव के पांच-सात युवकों ने हमला कर दिया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी रसड़ा पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने आदर्श को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन परिजन मऊ लेकर चले गए। देर रात मऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आदर्श की मौत हो गई। घटना के तीसरे दिन सख्त कार्रवाई न होने से दर्जनों ग्रामीण व रिश्तेदार थाने पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष से अन्य आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने कहा कि युवक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो की तलाश जारी है। जांच के उपरांत अन्य आरोपियों का नाम जोड़ा जाएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: चाइल्‍ड हेल्‍पलाइन- 1098 द्वारा लंबित प्रकरणो को शीघ्र करें निस्‍तारित- डीएम

गाजीपुर! जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के निर्वतन कक्ष में रानी लक्ष्मीबाई …