बलिया। राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सामाजिक संगठन ‘साहित्य उन्नयन संघ’ की बलिया इकाई के तत्वावधान में बलिया जिले के नगरा स्थित शहबान इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में एक भव्य काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन संगठन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार चौहान ‘बाग़ी’ की गरिमामय उपस्थिति एवं बलिया इकाई के महामंत्री डी.एन. सिंह रसिक के संयोजन में किया गया। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आए रचनाकारों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के शुभारंभ में डॉ. दिलीप कुमार चौहान बागी ने माँ की वंदना करते हुए सुनाया कि ममता का आँचल वह भूलता नहीं दूध जिसमें छुपाकर पिलाई है माँ। बस्ती जिले के प्रख्यात गजलकार रोमित हिमकर ने अपनी रचना से प्रेम का सुंदर संदेश दिया।मऊ इकाई से जुड़े कवि अमिताभ बाग़ी ने अपनी रचना ‘जीवन के पल-पल’ सुनाकर खूब वाहवाही लूटी, आजमगढ़ इकाई से आए कवि रोहिताश्व सौम्य ने सुनाया – “बड़ी मुश्किल है पानी पर पानी लिखना”। कवि डी. एन. रसिक ने अपनी व्यंग्यात्मक रचना के माध्यम से समाज की कुरीतियों पर प्रहार किया। कवि देवनाथ घायल ने पुराने दिनों को याद करते हुए पढ़ा कि हमसे पुछेला लोगवा सवाल। कवि जितेंद्र स्वाध्यायी ने अपनी गंभीर रचनाओं से वातावरण को साहित्यमय बना दिया। वही वरिष्ठ कवि फतेह चंद बेचैन ने बलिया को बगावत की धरती बताया। डॉ. जितेंद्र त्यागी ने हास्यरस की रचनाओं से श्रोताओं को ओत – प्रोत किया। इसी क्रम में पुष्पराज पुष, दीपक गुप्ता सहित अन्य रचनाकारों ने भी सुंदर प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी अमलेश चौहान उपस्थित रहे । इस अवसर पर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार चौहान ‘बाग़ी’ ने वरिष्ठ कवि फतेह चंद बेचैन को उनके साहित्यिक योगदान के लिए पुष्प मालाओं से सुसज्जित कर अंगवस्त प्रदान किया वहीं उपस्थित सभी राजनकारों को भी संगठन द्वारा माँ अन्नपूर्णा स्मृति सम्मान – पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप कुमार चौहान ‘बाग़ी’ ने किया एवं अध्यक्षता डॉ. फतेह चंद बेचैन ने की। कवि डी.एन. रसिक द्वारा आभार ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर रामबिलास चौहान, राघवेंद्र यादव, रामबदन वर्मा, चंद्रेश चौहान, प्रशांत कुमार प्रजापति, शोशिला देवी, संजू देवी, पूनम देवी, शशिकला, नीलम, रामप्रवेश यादव, अजय कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रोता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….