जौनपुर। जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय विशाल यादव की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद बाजार में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स और स्वाट सर्विलांस की टीम को तैनात किया गया है।पुलिस ने परिजनों को बताया कि घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि परिवार के लोग काफी आक्रोशित हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।जाम और हंगामे की सूचना पर लाइन बाजार थाने की पुलिस के साथ आसपास के थानों से भी फोर्स मौके पर पहुंच गई। लाइन बाजार पुलिस को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश दिखा। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार, विशाल की हत्या पुरानी रंजिश में की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उसे घेरकर सरिया और रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….