वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल का रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, सहायता एवं उनके सामान की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। इसी क्रम में दिनांक 07 सितम्बर 2026 को रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 15084 के कोच संख्या B-2 से एक वृद्ध महिला अपने परिजनों से बिछड़ गई हैं। सूचना मिलते ही कांस्टेबल पुरेन्द्र राम द्वारा रसड़ा स्टेशन पर तत्काल खोजबीन की गई। लगभग 06:50 बजे वृद्ध महिला को प्लेटफार्म संख्या-01 पर आरक्षण केंद्र के निकट सुरक्षित खोज लिया गया। फोटो से पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें RPF चौकी, रसड़ा पर सुरक्षित बैठाया गया तथा उनके परिजनों को सूचना दी गई। लगभग 09:30 बजे उनके पुत्र सुरेंद्रनाथ सिंह, निवासी झरकटहा, थाना रेवती, जिला बलिया, चौकी पर पहुंचे। आवश्यक सत्यापन एवं कार्रवाई के उपरांत तेतरा देवी, उम्र 72 वर्ष को उनके पुत्र के सुपुर्द कर दिया गया। मां-बेटे के पुनर्मिलन पर दोनों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा परिजनों ने RPF के प्रति आभार जताया। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 09466 के एस कोच में यात्री का सामान छूट जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर कांस्टेबल साधना सिंह द्वारा औड़िहार स्टेशन पर एक हरे रंग का ट्रॉली बैग एवं एक कपड़े का झोला ट्रेन से उतारकर सुरक्षित रूप से RPF पोस्ट, औड़िहार पर जमा कराया गया। सामान के मालिक राजेन्द्र राम, उम्र 69 वर्ष, निवासी खेताबपुर, थाना कासिमाबाद, जिला गाजीपुर के पोस्ट पर पहुंचने पर आधार कार्ड एवं यात्रा टिकट के माध्यम से उनकी पहचान का सत्यापन किया गया। सामान की जांच में कपड़ों एवं खाद्य सामग्री के अतिरिक्त 02 पीली धातु के मंगलसूत्र, 01 जोड़ी झुमका, 01 जोड़ी चांदी की पायल, बिछिया, चाबियों का गुच्छा एवं ₹17,000 नकद पाया गया। यात्री द्वारा सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹9.80 लाख बताई गई। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद राकेश कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक/RPF, औड़िहार द्वारा दिनांक 07 सितम्बर 2026 को 15:30 बजे सामान को फर्द सुपुर्दनामा के माध्यम से यात्री राजेन्द्र राम को सही-सलामत वापस कर दिया गया।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….