Breaking News

उत्‍तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 15012 अध्‍यापकों की भर्ती के लिए जारी किया विज्ञापन

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती से संबंधित दो महत्वपूर्ण विज्ञापन जारी किए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इन विज्ञापनों के माध्यम से कुल 15,012 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आयोग की ओर से प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों) के 897 रिक्त पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक, (शहरी) के 11,508 रिक्त पदों का विज्ञापन जारी किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद ही संबंधित पदों के लिए आवेदन करना होगा। विज्ञापन संख्या-05/2026 के तहत सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी तथा सहायक अध्यापक (शहरी) के पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर होगी। इन पदों के लिए परीक्षा तीन एवं चार दिसंबर को होगी। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के 2,607 रिक्त पदों के लिए भी (विज्ञापन संख्या-06/2026) जारी किया गया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू होगी। पीजीटी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तथा ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर निर्धारित की गई है। प्रवक्ता संवर्ग के पदों के लिए परीक्षा 15 एवं 16 दिसंबर को होगी। डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि आवेदन करने से पूर्व आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश पुस्तिका को देख लें। आयोग द्वारा विज्ञापित पदों की अर्हता एवं पात्रता के संबंध में अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

पंचायत सचिवों का मानदेय छह हजार बढ़कर अब होगा नौ हजार रुपये- ओमप्रकाश राजभर

लखनऊ। पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एलान किया है कि पंचायत सचिवों का …