भदोही। जिले की कोतवाली क्षेत्र के संसारापुर गांव में बृहस्पतिवार की देर रात बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई संजय सरोज (35 वर्ष) पुत्र मेहीलाल सरोज की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। संसारापुर गांव निवासी संजय सरोज चार भाइयों में सबसे छोटा था। रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहता था। वह 24 जून को ही घर आया था। बृहस्पतिवार की देर रात किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ और अन्य परिजनों ने धारदार हथियार (हीकनी) से संजय के सीने पर हमला कर दिया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल संजय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पीआरबी 112 की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस टीम पर भी हमला करने की चर्चा है, जिसमें पीआरबी के कर्मचारी वीरेन्द्र कुमार द्विवेदी को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी सावित्री देवी की तहरीर पर राजेन्द्र उर्फ गोली सरोज, ललऊ और चंदा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीओ ने बताया कि आरोपी मौके से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….