गाजीपुर। 10 नवंबर की यह ऐतिहासिक तारीख हम सभी भारतवासियों के लिए गौरव और प्रेरणा का दिवस है। इसी दिन, 10 नवंबर 1990 को बलिया की धरती के लाल, जननायक चंद्रशेखर जी ने भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में अपना नाम अंकित कराया था।उनके प्रधानमंत्री बनने से करोड़ों देशवासियों, विशेषकर गांव, गरीब, पिछड़े और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का सम्मान बढ़ा था। उन्होंने यह साबित किया कि साधारण परिवेश से निकलकर भी असाधारण संकल्प और विचारों के बल पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचा जा सकता है।जननायक चंद्रशेखर जी गांव के सम्मान थे, मां गंगा के सम्मान थे, गीता के सम्मान थे और भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के सम्मान थे।स्वदेशी, स्वावलंबन और आत्मनिर्भर राष्ट्र की संकल्पना उनके संपूर्ण राजनीतिक जीवन का मूल आधार रही। महात्मा गांधी, आचार्य नरेंद्र देव, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, डॉ. राममनोहर लोहिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों के विचारों का समन्वित प्रतिबिंब यदि किसी एक राजनीतिक व्यक्तित्व में दिखाई देता है, तो वह जननायक चंद्रशेखर जी का व्यक्तित्व है।आज उनकी शताब्दी यात्रा के इस ऐतिहासिक अवसर पर हम सभी भारतवासी अपने घरों, परिवारों और संस्थानों में दीप प्रज्वलित कर उनके विचारों, संघर्षों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को नमन कर रहे हैं।इसी क्रम में सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, गाजीपुर की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में दीप प्रज्वलित कर जननायक चंद्रशेखर जी की स्मृतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।यह दीप केवल स्मृति का प्रतीक नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए एक संदेश है कि यदि मन में दृढ़ संकल्प, हृदय में राष्ट्रप्रेम और जीवन में जनसेवा का भाव हो, तो व्यक्ति एक दिन अपनी मंजिल अवश्य प्राप्त करता है।आइए, जननायक के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….