भदोही। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गेराई के पास बीती देर रात कंटेनर और टैंकर की भीषण टक्कर में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कंटेनर चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया, जबकि टैंकर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया। जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहा एक कंटेनर गेराई के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर खराब हो गया था। चालक ने कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा किया और उसकी मरम्मत करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा टैंकर अनियंत्रित होकर कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर की मरम्मत कर रहे चालक के ऊपर पहिया चढ़ गया। इससे उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, टैंकर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। टक्कर के कारण केबिन क्षतिग्रस्त हो गया था। उसे बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन उसकी भी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में जुटी रही। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने तत्काल वाहनों को सर्विस लेन से निकलवाना शुरू किया। इसके बाद एनएचएआई की क्रेन मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर व टैंकर को सड़क से हटाया गया। वाहनों को हटाए जाने के बाद राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। दोनों वाहन प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सड़क पर खराब खड़े कंटेनर की मरम्मत के दौरान पीछे से आए टैंकर की टक्कर इस हादसे की वजह बनी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….