गाजीपुर। संगिनी ज्वेलर्स बंशीबाजार में लूटकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में हाफ एनकाउंटर कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बंशीबाजार स्थित संगिनी ज्वेलर्स के प्रोपराइटर शिवम कुमार वर्मा पुत्र संजय कुमार वर्मा ने थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराया कि तीन बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग कर छह सोने की चेन को लूट कर फरार हो गये हैं। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर अपराधियों को सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी। तीन घंटे के अंदर ही पुलिस ने मुठभेड़ में संजय दूबे उर्फ पप्पू पुत्र बालकृष्ण दूबे खतीरपुर व पुष्कर दूबे पुत्र संतोष दूबे निवासी खतीरपुर थाना नोनहरा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों लुटेरे पुलिस की गोली से घायल हो गये हैं जिन्हे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लुटेरों के पास से पांच अदद चेन, दो पिस्टल, दो खोखा, एक चारपहिया वाहन यूपी 61 AW4660 को बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….