सोनभद्र। रायपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में मंगलवार रात ससुराल आए विकास (30) का शव फंदे पर लटकता मिला। उसकी पत्नी आरती (27) की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के गुरौटी गांव निवासी 30 वर्षीय विकास अपनी 27 वर्षीय पत्नी आरती और चार वर्षीय पुत्र के साथ मंगलवार को बाइक से रायपुर स्थित अपनी ससुराल आया था। बुधवार सुबह जब आसपास की महिलाओं ने घर का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में घर के अंदर देखा गया तो विकास फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उसकी पत्नी आरती चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थी। पत्नी के मुंह और नाक से झाग निकलने की बात भी सामने आई है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रायपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि युवक फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी का शव चारपाई पर मिला। दोनों की मौत हो चुकी है। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। मृतक दंपती के परिजनों को भी जानकारी दी गई। उनके आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि आरती के माता-पिता अपने अन्य बच्चों के साथ बाहर रहते हैं। घटना के समय दंपती का चार वर्षीय पुत्र भी घर में मौजूद था, लेकिन उसकी उम्र कम होने के कारण वह घटना के संबंध में कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….