Breaking News

जौनपुर: दुकान के सामने सो रहे अधेड़ की सिर कूंचकर हत्‍या

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के बरईपार रोड स्थित भभौरी गोदाम बाजार में रविवार देर रात बदमाशों ने सराफा दुकान के सामने सो रहे अधेड़ की सिर कूंचकर हत्या कर दी। इसके बाद दुकान की लकड़ी की किवाड़ तोड़कर अंदर घुसे बदमाश सामान लूटकर फरार हो गए। सोमवार भोर करीब तीन बजे घटना की जानकारी होने पर बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई है। बाजारवासियों के मुताबिक उदयराज करीब 15 वर्षों से गोदाम बाजार में ही रहता था। वह रात में विंध्यवासिनी ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो जाता था। लोगों के अनुसार वह ज्यादा बातचीत नहीं करता था और कभी-कभार ही अपने घर जाता था। परिजनों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने रात में उदयराज के सिर पर भारी वस्तु से वार किया। मौके पर खून फैला मिला और दुकान की दीवार पर भी खून के छींटे पाए गए। हत्या के बाद बदमाशों ने सराफा दुकान की लकड़ी की किवाड़ तोड़ दी और अंदर घुसकर सामान लूट लिया। दुकान में सामान बिखरा मिला। घटना के बाद पुलिस लूटे गए सामान का आकलन करने में जुटी है। विंध्यवासिनी ज्वेलर्स के संचालक खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ हैं। सोमवार सुबह दुकान का दरवाजा टूटा मिला। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, सीओ सदर सम्यक चौधरी और थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों से भी फोर्स बुला ली गई। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही बाजार के दुकानदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से बाजार में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या और लूट दोनों पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है। उदयराज चार भाइयों में था। उसके भाई अभयराज और छविराज यादव की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दीपराज मुंबई में रहता है। मां उभयराजी देवी उर्फ भुटका समेत परिजन घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभियोग दर्ज किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Image 1 Image 1

Check Also

गाजीपुर: ग्रेटर नोएडा में 29 सितंबर को होगा अंडर-15 महिला क्रिकेट के खिलाडि़यों का एक्स-रे परीक्षण

गाजीपुर। गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि  अंडर-15 वर्ग में …