लखनऊ। सपा अध्यक्ष ने एक्स पर पोस्ट कर कहा- पीडीए समाज की आवाज उठाने वाले हर दल का करेंगे सहयोग; बोले- मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन मंशा समाज की भलाई की होनी चाहिए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक स्तर पर परिवर्तन जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी, जब राजनीतिक परिवर्तन का मोर्चा भी सक्रिय होगा। अखिलेश ने दावा किया कि इस तरह के नए राजनीतिक विकल्प से भाजपा को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है। ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का हम स्वागत करते हैं! समाज के स्तर पर परिवर्तन होना ही चाहिए लेकिन सच में सफलता तब ही मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ सक्रिय होगा। पीडीए समाज के भले के लिए जो भी साम्प्रदायिक ताक़तों से सच में लड़ेगा और पीडीए समाज की आवाज़ उठाएगा, उसकी ईमानदार आवाज़ अवाम तक पहुँचाने में हम सहयोग करेंगे। इसका एक फ़ायदा विपक्ष को ये मिलेगा कि भावनात्मक जुमलों और छलावे में आकर जो लोग साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते थे, वो अब उनकी तरफ़ नहीं जाएंगे। बहकावे में आकर वोट देने वाले ऐसे भोले-भाले लोगों के लिए अब एक और विकल्प खुला होगा। इससे भाजपा को 2-3% वोटों की हानि और होगी। भाजपा तो कहीं की नहीं रहेगी। केवल बातों और बयानों से सरगर्मी पैदा करना जिनका मक़सद होता है, जनता उनका सच समझती है। सच तो ये है कि ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र और भी मजबूत होता है, बशर्तें उसके पीछे अपने समाज की भलाई की मंशा हो, किसी तीसरे का काला-मंसूबा नहीं। अगर कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता ज़मानत ज़ब्त भी करवा देती है। उम्मीद है सियासत में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ ख़त्म होगी और हर कोई अपने समाज के सच्चे हित के लिए काम करेगा। बहुत दिनों से अपेक्षित इस घटनाक्रम के घटित होने के बाद आज यह भी स्पष्ट हो गया है कि उप्र के विधानसभा चुनावों में जिसका आधारभूत वोट ज़्यादा होगा, सच में ‘परिवर्तन’ चाहनेवाली जनता उसीकी तरफ़ जाएगी, और इस संदर्भ में ‘पीडीए’ से बड़ा अन्य कोई विकल्प है ही नहीं। हार्दिक शुभकामनाएँ! अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पीडीए समाज के हित में साम्प्रदायिक ताकतों से लड़ने और उसकी आवाज उठाने वाले दलों की ईमानदार आवाज जनता तक पहुंचाने में सपा सहयोग करेगी। उनके मुताबिक, इससे उन लोगों के सामने भी एक विकल्प खुलेगा, जो भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर साम्प्रदायिक शक्तियों को वोट दे देते हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….