Breaking News

गाजीपुर: धूमधाम के साथ मनाया गया यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 108वां स्थापना दिवस

गाजीपुर। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 108वां स्थापना दिवस समारोह गाजीपुर क्षेत्र में अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला (आई.ए.एस.) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर  (पश्चिम ) विनय शंकर , क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन, अग्रणी जिला प्रबंधक (स्क्ड) राजदेव कुमार  एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, उद्यमी तथा बड़ी संख्या में सम्मानित ग्राहक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को 108वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने में बैंक का योगदान अत्यंत प्रशंसनीय है। इस अवसर पर बैंक के क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए बैंक की 108 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा, डिजिटल बैंकिंग पहलों और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा 1919 में उद्घाटित यह बैंक आज आधुनिक तकनीक और उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के माध्यम से देश की प्रगति में निरंतर सहभागी बन रहा है। समारोह को संबोधित करते हुए  क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पश्चिम) विनय शंकर ने कहा यूनियन बैंक तकनीकी के साथ तेजी से बदलते बैंकिंग क्षेत्र  में  आज युवा पीढ़ी का पसंदीदा बैंक  बनकर उभरा हैं । इसके साथ ही  सितम्बर तिमाही  में शानदार वित्तीय नतीजों को भी साझा किया करते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी स्टाफ सदस्यों एवं सम्मानित ग्राहकों की महत्वपूर्ण  भूमिका को रेखांकित किया।समारोह के दौरान बैंक के एमडी एवं सीईओ आशीष पांडेय का शुभकामना संदेश भी साझा किया गया। कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM ) राजदेव कुमार  द्वारा मुख्य अतिथि जिलाधिकारी, समस्त आमंत्रित अतिथियों, ग्राहकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Image 1

Check Also

गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग 2026 के दूसरे नॉक आउट मैच में सीपीसी – येलो विजयी

गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (सबद्ध – उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) के तत्वाधान में गाजीपुर के …