मिर्जापुर। जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के सागरपुर में बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और जाम समाप्त कराया। जालू यादव बुधवार सुबह 11 बजे साइकिल से पुरजागीर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान औराई की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जालू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। सूचना पर थाना प्रभारी चील्ह ब्रह्मदीन पांडेय और टेढ़वा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने चालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में लिया और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। थानाध्यक्ष ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….