भदोही। कोतवाली के नयेपुरा नेवादा कलां गांव में मंगलवार की सुबह पुरानी रंजिश को लेकर गोलीबारी हुई। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिसमें एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। घायलों को तत्काल भदोही एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 5:30 बजे 112 पर सूचना मिली कि गांव निवासी रणधीर सिंह और उनकी पत्नी बबीता को विपक्षी रविंद्र सिंह और उनके परिवार वालों ने बुरी तरह मारा है। घटना की जानकारी होते ही थाना प्रभारी, सीओ मौके पर पहुंचे। बताया कि अब तक कि जांच में पता चला कि रविंद्र के परिवार ने रणधीर के परिवार को घसीटकर पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा। बताया कि मामले की गहराई से जांच करने पर सामने आया कि करीब एक साल पहले दोनों परिवारों के लड़का-लड़की साथ भागे थे, तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था। पंद्रह-सोलह दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिस पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। उसी मामले को लेकर मंगलवार की सुबह भी विवाद हो गया। बताया कि विवाद में एक पक्ष से अपने नाना के घर आए संदीप सिंह (24) पुत्र राज बहादुर सिंह निवासी अस्ति घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से रणधीर सिंह उर्फ रंधा (45) पुत्र स्व राज बहादुर और उनकी पत्नी बबिता सिंह (41) निवासी नेवादा कला घायल हो गए हैं। रणधीर के पैर में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, करीब 15-16 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। उस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। मंगलवार सुबह फिर विवाद बढ़ने पर मारपीट की घटना हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंगलवार की घटना के संबंध में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….