वाराणसी। नगर पंचायत गंगापुर में सोमवार शाम पारिवारिक विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना हो गई। पिता से विवाद के बाद सुभाष यादव ने अपने बड़े भाई नंदा यादव और बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक यादव व सावन यादव पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी सुभाष यादव को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे गंगापुर निवासी कैलाश यादव महाराज बलवंत सिंह महाविद्यालय के पास स्थित हनुमान मंदिर पर बैठे थे। उनके साथ बेटे नंदा यादव भी मौजूद थे। इसी दौरान कैलाश यादव का सबसे छोटा बेटा सुभाष यादव वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर पिता से विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान सुभाष ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और पिता की ओर बढ़ा। पिता को बचाने के लिए बड़े भाई नंदा यादव आगे आए और बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान सुभाष ने नंदा के पेट में चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। नंदा को बचाने के लिए उनके छोटे भाई बचाऊ यादव के बेटे दीपक यादव (22) और सावन यादव (20) भी आगे आए। आरोप है कि सुभाष ने उन दोनों पर भी चाकू से हमला कर दिया। तीनों को चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। नंदा यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पारिवारिक विवाद को लेकर चर्चा रही। बताया गया कि सुभाष यादव का किसी बात को लेकर अपने पिता से विवाद चल रहा था। नंदा यादव अपने पिता कैलाश यादव और भाई बचाऊ यादव के साथ रहते हैं, जबकि सुभाष अलग रहता था। हालांकि, विवाद की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने सुभाष को पकड़कर गंगापुर पुलिस चौकी पहुंचाया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….