Breaking News

गाजीपुर: श्री रुद्रांबिका महायज्ञ नौली, उतरौली और त्रिलोकपुर के दूसरे दिन पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश संपन्न

गाजीपुर। जनपद के सेवराई तहसील अंतर्गत नौली, उतरौली और त्रिलोकपुर क्षेत्र स्थित श्री रुद्रांबिका धाम परिसर में आयोजित श्री रुद्रांबिका महायज्ञ के दूसरे दिन मंगलवार को पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश का अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न वेदियों पर देवी-देवताओं का आवाहन एवं पूजन-अर्चन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा यज्ञ परिसर भक्तिमय बना रहा। महायज्ञ के दूसरे दिन प्रातःकाल यज्ञाचार्य डॉ. पंडित धनंजय पांडेय के आचार्यत्व में पंचांग पूजन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसके बाद यज्ञ मंडप में मंडप प्रवेश का अनुष्ठान हुआ। काशी से आए विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रों के साथ विभिन्न वेदियों पर देवी-देवताओं का आवाहन और पूजन किया गया। महायज्ञ की प्रधान वेदी पर भगवती अंबिका और भगवान शिव की स्थापना कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर यज्ञाचार्य डॉ. पंडित धनंजय पांडेय ने कहा कि महायज्ञ में पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश और देवी-देवताओं का आवाहन महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान हैं। वैदिक परंपरा के अनुसार इन अनुष्ठानों को विधि-विधान से संपन्न कराया जाता है। महायज्ञ का उद्देश्य लोककल्याण, धार्मिक चेतना और समाज में आध्यात्मिक भाव को मजबूत करना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का आह्वान किया। कलश यात्रा के बाद शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। महायज्ञ के दूसरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संगीतमय श्रीराम कथा का भी आयोजन किया गया। श्रीमद् जीयर स्वामी जी महाराज के कृपापात्र शिष्य पूज्य विजय कौशिक जी महाराज ने कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। आयोजन समिति की ओर से क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महायज्ञ और श्रीराम कथा में सहभागी बनने की अपील की गई। काशी के विद्वंजन व आचार्यगण गोविंद पांडेय, जितेंद्र कश्यप, सत्यम सांकृत, विशेष त्रिपाठी, शैलेंद्र पांडे, अखिलेश पांडे, त्रिभुवन तिवारी, अजय पांडे के मुखारविंद से मंत्रों के उच्चारण से श्री रुद्राम्बिका धाम गूंज उठा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अखिलेश पांडे ,बबुआ सिंह, गोविंद चौरसिया, श्याम बिहारी यादव, संतोष सिंह, विद्यानंद सिंह, बृजेश पांडे, हृदय नारायण सिंह, सीताराम पुजारी का सहयोग रहा।

Image 1

Check Also

बेसिक शिक्षा के कर्मचारियों को भी मिलेगा कैशलेस चिकित्‍सा व्‍यवस्‍था

लखनऊ। बेसिक शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों को भी योगी कैबिनेट ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा …