वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी पुलिस चौकी के बच्छाव गांव में दर्दनाक घटना हुई है। गांव के पश्चिमपुरा में अय्युदीन उर्फ कल्लू अपने परिवार के साथ तालाब किनारे मकान बनाकर रहते हैं। इनके साथ चार भाई का परिवार भी रहता है। बीती रात कमरे के बाहर लगे टीन शेड में अय्युदीन उर्फ कल्लू, पत्नी तबस्सुम, बेटा अख्तर, बेटी रोशनी (8 वर्ष), आफिया (6 वर्ष), फलक (4 वर्ष) सोए थे। देर रात में तालाब के तरफ की दीवार अचानक गिर गई, जिससे चौकी पर सो रहे परिजन तालाब के अंदर चले गए। किसी तरह और अय्युदीन उर्फ कल्लू, तबस्सुम, अख्तर, रोशनी बाहर निकल आए। वहीं आफिया और फलक तालाब में अंदर चली गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ को सूचना दी। रात होने के कारण ग्रामीण और पुलिस भी तालाब में ज्यादा पानी होने के कारण विवश थे। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने सुबह आफिया और फलक को खोजकर पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक साथ घर की दो मासूम बेटियों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां तबस्सुम अपनी दोनों बच्चियों को खोने के गम में बार-बार गश खाकर बेहोश हो जा रही हैं, जिन्हें आसपास की महिलाएं ढांढस बंधाने का प्रयास कर रही हैं। इस आकस्मिक त्रासदी ने पूरे बच्छाव गांव को झकझोर कर रख दिया है। डीसीपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया की पुलिस फोर्स मौके पर है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….