Breaking News

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने यूपी चुनाव के लिए किया गठबंधन

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए तीसरे मोर्चे की एंट्री हो गई। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव के लिए गठबंधन किया है। बताया जा रहा है कि इसकी आधिकारिक घोषणा कल लखनऊ में की जाएगी। गठबंधन की योजना प्रदेश की 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की है। यूपी का चुनाव अभी तक भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और सपा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के बीच माना जा रहा है पर औवैसी-चंद्रशेखर के दलों के गठबंधन के एलान के बाद राज्य में नये राजनीतिक समीकरण पैदा हो सकते हैं। इस नए मोर्चे में कुछ अन्य छोटे दल भी शामिल हो सकते हैं। इसके पहले, ओवैसी ने यूपी में इंडिया गठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई थी जिस पर अखिलेश यादव ने इन्कार कर दिया था। इस गठबंधन के जरिये प्रदेश के दलितों और मुस्लिमों के 40 फीसदी वोटबैंक को एकजुट करने का प्रयास किया जा सकता है जिससे इंडिया गठबंधन के सामने चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। ओवैसी ने चुनाव को लेकर प्रचार भी शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी गठबंधन की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसका एलान बुधवार को लखनऊ में होगा। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद नगीना से सांसद हैं। वह प्रदेश में दलितों के बीच लगातार अपनी पैठ मजबूत करने के प्रयास कर रहे हैं। वहीं, प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के कमजोर होने का फायदा समाजवादी पार्टी भी उठाने का प्रयास कर रही है। ऐसे में ओवैसी, चंद्रशेखर आजाद और अन्य छोटे दलों का गठबंधन प्रदेश में नए समीकरण पैदा करने के साथ ही इंडिया गठबंधन के सामने चुनौती पेश कर सकता है। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम का प्रदेश में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। मुस्लिम समाज ने सपा के पक्ष में रुझान दिखाया था।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: श्री चित्रगुप्त जी की जयंती पर कायस्‍थ महासभा के तत्‍वावधान में निकली शोभायात्रा

गाजीपुर। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री चित्रगुप्त जी की जयंती एवं …