लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग की प्रो. किरन लता डंगवाल के एक शैक्षणिक प्रोजेक्ट का प्रतिष्ठित Open Education Conference 2026 में प्रस्तुति हेतु चयन हुआ है। यह प्रोजेक्ट प्रो. डंगवाल ने Mr. Isaac Mulolani, University of Guelph, Canada तथा Dr. Kavita Rani के साथ अकादमिक सहयोग से तैयार किया है। इस चयन के माध्यम से सहयोगी टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कार्य को प्रस्तुत करने तथा ओपन एजुकेशन के क्षेत्र में कार्य कर रहे शिक्षकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, प्रैक्टिशनर्स एवं विशेषज्ञों के साथ विचारों और शैक्षणिक अनुभवों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्राप्त होगा। इस उपलब्धि का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि प्रोजेक्ट टीम के प्रत्येक सदस्य को सम्मेलन में सहभागिता के लिए 150 अमेरिकी डॉलर (US$150) की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। यह छात्रवृत्ति टीम के अकादमिक योगदान को समर्थन प्रदान करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंच पर सहभागिता का अवसर भी उपलब्ध कराती है। प्रो. किरण लता डंगवाल ने प्रोजेक्ट के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता से ओपन एवं सुलभ शिक्षा, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षा के क्षेत्र में विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कार्य को प्रस्तुत करना न केवल व्यक्तिगत अकादमिक उपलब्धि है, बल्कि सहयोगात्मक शोध एवं ज्ञान-साझाकरण को भी प्रोत्साहित करता है। लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने प्रो. किरण लता डंगवाल एवं उनकी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लखनऊ विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहभागिता, सहयोगात्मक शोध तथा ओपन एवं सुलभ शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग, ओपन एजुकेशन की उभरती संभावनाओं तथा प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षण एवं अधिगम के बढ़ते महत्व को रेखांकित करती है। साथ ही, यह सहयोगात्मक शोध, ज्ञान-साझाकरण और नवाचारपूर्ण शैक्षणिक प्रयासों के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….