गाजीपुर। आगामी छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आज नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम ददरी घाट पहुंचकर घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व से पूर्व सभी घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से पूर्ण करा ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोताखोर निर्धारित ड्रेस में मुस्तैद रहें, जिससे किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। इसके अतिरिक्त महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक घाट पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाटों की नियमित साफ-सफाई के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समय से सभी तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा नवापुरा घाट, सिकंदरपुर घाट एवं नेपाली बाबा घाट का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रत्येक घाट पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गाजीपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….