लखनऊ। CSIR-UGC NET/JRF जून 2026 के परिणामों में लखनऊ विश्वविद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अकादमिक एवं शोध उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के कुल 48 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने JRF, NET तथा Ph.D. qualified श्रेणियों में सफलता प्राप्त की है। इस उपलब्धि का विशेष गौरवपूर्ण पक्ष यह है कि विश्वविद्यालय के दो विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों में अखिल भारतीय स्तर पर AIR-2 प्राप्त की है। प्राणिविज्ञान विभाग के एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थी प्रकर्ष मनोहर ने Life Sciences में AIR-2, जबकि भूविज्ञान विभाग की सोनल शुक्ला ने Earth Sciences में AIR-2 हासिल कर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्रकर्ष मनोहर की उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि उन्होंने यह शानदार सफलता अपनी एम.एससी. की पढ़ाई के दौरान ही हासिल की है और वर्तमान में वे एम.एससी. के तृतीय सेमेस्टर में अध्ययनरत हैं। राष्ट्रीय स्तर की अत्यंत प्रतिस्पर्धी CSIR-UGC NET/JRF परीक्षा में स्नातकोत्तर अध्ययन के दौरान ही Life Sciences में AIR-2 प्राप्त करना उनकी असाधारण अकादमिक प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है। सोनल शुक्ला, जो कि भूगर्भ विभाग की शोधार्थी हैं, ने Earth Sciences में AIR-2 की उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय और विभाग को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता विश्वविद्यालय में विज्ञान एवं शोध शिक्षा की मजबूत होती स्थिति को भी रेखांकित करती है। CSIR-UGC NET/JRF जून 2026 में लखनऊ विश्वविद्यालय के 13 अभ्यर्थियों ने JRF प्राप्त किया। इनमें प्राणिविज्ञान विभाग के प्रकर्ष मनोहर (AIR-2) अनीशा यादव (AIR-33), अदिति श्रीवास्तव (AIR-87), सैफ सिद्दीकी (AIR-89), युवराज तथा आकांक्षा सिंह (AIR-122) ने भी JRF में सफलता अर्जित की। वनस्पति विज्ञान विभाग से भागर्वी पाण्डेय (AIR-13) तथा प्राची सिंह (AIR-96) ने JRF में उल्लेखनीय रैंक प्राप्त की। भूविज्ञान विभाग से सोनल शुक्ला (AIR-2) और निशांत शुक्ला (AIR-19) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।गणित विभाग से आशीष प्रताप सिंह (AIR-104) एवं सुजीत कुमार (AIR-161) ने JRF में सफलता प्राप्त की। जैव रसायन विभाग से विदिशा शाक्य ने JRF में सफलता प्राप्त की। विश्वविद्यालय के 15 अभ्यर्थियों ने NET तथा 20 अभ्यर्थियों ने Ph.D./अन्य श्रेणियों में सफलता प्राप्त की। कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने कहा कि “CSIR-UGC NET/JRF जैसी राष्ट्रीय स्तर की अत्यंत प्रतिस्पर्धी परीक्षा में हमारे विद्यार्थियों की यह सफलता लखनऊ विश्वविद्यालय की मजबूत अकादमिक एवं शोध संस्कृति का प्रमाण है। विशेष रूप से प्रकर्ष मनोहर और सोनल शुक्ला द्वारा अपने-अपने विषयों में अखिल भारतीय रैंक 2 प्राप्त करना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। मैं सभी सफल विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों, उनके शिक्षकों, शोध पर्यवेक्षकों तथा संबंधित विभागों को हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लखनऊ विश्वविद्यालय का नाम इसी प्रकार रोशन करते रहेंगे।”
लखनऊ विश्वविद्यालय की उपलब्धि एक नजर में
- कुल सफल अभ्यर्थी — 48
- JRF — 13 अभ्यर्थी
- NET — 15 अभ्यर्थी
- Ph.D./अन्य — 20 अभ्यर्थी
- Life Sciences में AIR-2 — प्रकर्ष मनोहर, एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर, प्राणिविज्ञान विभाग
- Earth Sciences में AIR-2 — सोनल शुक्ला, शोध छात्र, भूविज्ञान विभाग
लखनऊ विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, शोधोन्मुख अकादमिक वातावरण और विद्यार्थियों की प्रतिस्पर्धी क्षमता को विकसित करने के विश्वविद्यालय के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….